पाकिस्तानी सेना ने फिर की गोलीबारी, घुसपैठ की आशंका
जम्मू/श्रीनगर। एक ओर देश आतंकी हमलों के खतरे से आशंकित है, वहीं दूसरी ओर पड़ोसी देश पाकिस्तानी की ओर से तमाम वादों के बावजूद भी वादाखिलाफी जारी है। बुधवार सुबह पाकिस्तानी सेना ने जम्मू एवं कश्मीर से लगी अंतर्राष्ट्रीय सीमा के रामगढ़ सेक्टर में एक बार फिर भारत पर गोलीबारी की। पाकिस्तानी सेना ने पिछले 24 घंटे में दूसरी बार द्विपक्षीय युद्धविराम का उल्लंघन किया है। मंगलवार को भी पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर युद्ध विराम का उल्लंघन किया था। जम्मू क्षेत्र के पुंछ इलाके में पाक की तरफ से गोलीबारी हुई थी।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों ने कहा कि सांबा जिले के बलाद सीमा चौकी क्षेत्र में युद्धविराम का उल्लंघन हुआ और करीब 45 मिनट तक गोलीबारी हुई। जम्मू से करीब 45 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित बलाद सीमा चौकी पर करीब 4.30 बजे पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी होने लगी। इस पर बीएसएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की।
एक सैनिक ने बताया, "करीब एक घंटे तक भारी और हल्के हथियारों से गोलीबार होने के बाद क्षेत्र में शांति है।" सूत्रों ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि क्या पाकिस्तान की तरफ से आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के लिए गोलीबारी की गई। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक "अंधेरे और कोहरे के कारण उस समय दृश्यता काफी कम थी। हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि यह आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश तो नहीं थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications