पाकिस्तान, चीन नए व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे
इस्लामाबाद। पाकिस्तान और चीन के बीच प्रगाढ़ होते सामरिक एवं आर्थिक सम्बंधों के बीच शनिवार को दोनों देशों के बीच 10 अरब डॉलर के नए व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के साथ आए कारोबारियों के प्रतिनिधिमंडल और पाकिस्तानी कारोबारियों के बीच एक सम्ममेलन में हस्ताक्षर होने की संभावना है।
दोनों देशों की द्विपक्षीय बैठक में पहले ही शुक्रवार को 20 अरब डॉलर मूल्य के समझौते पर हस्ताक्षर हो चुके हैं।पाकिस्तान के सूचना मंत्री कमर जमां केरा ने कहा कि व्यापार सम्मेलन में 10 अरब डॉलर के व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।जियाबाओ चीन और पाकिस्तान के रक्षा आधारित संबंधों को आगे बढ़ाकर व्यापारिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों तक ले जाने के लिए पाकिस्तान आए हैं।
शनिवार सुबह उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के साथ पाकिस्तान-चीन मैत्री केंद्र का उद्घाटन किया।इस दौरान चीन ने घोषणा की कि वह पाकिस्तान में अगले दो साल में 1000 मोतियाबिंद रोगियों के मुफ्त इलाज के लिए डॉक्टरों का एक दल भेजेगा। इसके अलावा वह अगले तीन साल तक पाकिस्तान के 500 छात्रों को छात्रवृत्ति भी देगा।जियाबाओ पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के साथ राजकीय भोज में मुलाकात करेंगे, जिसमें मुख्य विपक्षी नेता नवाज शरीफ और अन्य सभी दलों के नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान चीन को भारत के खिलाफ अपना सबसे भरोसेमंद दोस्त समझता है। लेकिन चीन पाकिस्तान के साथ-साथ भारत के साथ भी अपने रिश्ते को बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। इसलिए उसने पाकिस्तान से पहले भारत की यात्रा की। भारत के साथ उसने 2015 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।पाकिस्तान और चीन के बीच पंजाब प्रांत में परमाणु बिजली संयंत्र बनाने के एक समझौते पर भी हस्ताक्षर हो सकते हैं।चीन ने पहले ही पाकिस्तान में दो परमाणु बिजली घर बनाने में मदद की है। इनमें से एक काम कर रहा है, जबकि दूसरा लगभग तैयार होने को है।












Click it and Unblock the Notifications