लखनऊ में वकीलों का हिंसक प्रदर्शन
लखनऊ। अपने साथी की हत्या के विरोध में लखनऊ में बड़ी संख्या में वकीलों ने सोमवार को हिंसक प्रदशर्न करते हुए सड़क जाम कर दिया और सार्वजनिक वाहनों में तोड़फोड़ की। वकीलों ने इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया।
शहर के कैसरबाग इलाके में जिला एवं सत्र न्यायालय के वकीलों ने अपने साथी गौरीशंकर की हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदशर्न किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज बसों में तोड़फोड़ करने के साथ ही पुलिस बल पर पथराव भी किया। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच कराने के आश्वासन के बाद ही वकीलों का प्रदर्शन और तोड़-फोड़ थामा जा सका।
लखनऊ के पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बी. पी. अशोक ने संवाददाताओं को बताया कि पथराव में कुछ लोग मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हालात पूरी तरह से काबू मे है। वकीलों के प्रदर्शन के मद्देनजर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मालूम हो कि वकील गौरीशंकर मिश्रा की बीते शनिवार रात को शहर के निशातगंज इलाके में घर के पास कथित रूप से जमीनी विवाद में गोलीमार कर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने जहां इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है, वहीं वकीलों का आरोप है कि मुख्य आरोपी गोपाल अभी भी फरार है और पुलिस उसे बचाने का प्रयास कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications