कानपुर में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में सोमवार तड़के एक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। कबाड़ का यह गोदाम जूही इलाके में था। गोदाम में सोमवार तड़के लगी आग कुछ ही समय बाद भीषण हो गई।
कानपुर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) रामदरश ने आईएएनएस को बताया कि आग काफी भीषण थी। दमकल की नौ गाड़ियों ने करीब चार घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग को पूरी तरह से बुझ्झा लिया गया है। अग्निशमन अधिकारियों ने कहा कि घटना के वक्त गोदाम में कुछ ही लोग मौजूद थे, जो आग लगते ही सुरक्षित बाहर निकल आए थे। आग से हुए नुकसान का अंदाजा अभी नहीं लग पाया है।
दरश ने कहा कि आग किस कारण से लगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि जहां पर कबाड़ जमा था वहां पर आस-पास कोई बिजली का तार मौजूद नहीं था ऐसे में लग रहा है कि किसी ने धूम्रपान करके लापरवाही से बिना बुझ्झाए वहां जलती तीली फेंकी, जिससे आग लग गई।
उधर स्थानीय थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि यह गोदाम अवैध ढंग से आबादी वाले इलाके में बनाया गया था। गोदाम मालिक फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications