राजगीर महोत्सव में नामचीन कलाकारों के हिस्सा लेने की सम्भावना
राजगीर (बिहार)। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल राजगीर में 18 दिसम्बर से आरम्भ हो रहे 'राजगीर महोत्सव' को यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में इस बार नामचीन कलाकारों के आने की सम्भावना है। इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।
महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध गायिका जसपिंदर नरूला के गीतों से महात्मा बुद्घ की नगरी राजगीर की वादियां गूंजेंगी तो 19 दिसम्बर को सपना अवस्थी पंच पहाड़ियों के इस क्षेत्र में अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। इस दौरान प्रसिद्घ नृत्यांगना नंदिनी घोषाल भी ओडिसी प्रस्तुत करेंगी।
नालंदा के जिलाधिकारी संजय कुमार ने सोमवार को बताया कि गायिका आशा भोंसले को भी बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में नालंदा जिले के कलाकारों सहित राज्य के लगभग 12 जिलों के स्थानीय और चुनिंदा कलाकारों को अपने कला का जौहर दिखाने का मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस मौके पर राजगीर, पावापुरी तथा नालंदा के अलावा राज्य के कई ऐतिहासिक स्थलों की आकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कुमार के मुताबिक इस बार महोत्सव में खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications