अति विशिष्ट लोगों को फ्लैट आवंटन का प्रस्ताव नहीं : डीडीए
नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इस बात से इंकार किया है कि राष्ट्रमंडल खेल गांव में बने फ्लैटों को नेताओं, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों को आवंटित करने के लिए उसके पास किसी तरह का प्रस्ताव है। इस बात का खुलासा सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मांगी गई जानकारी से हुआ है।
दिल्ली के सुभाष अग्रवाल ने आरटीआई के तहत डीडीए से यह जानकारी मांगी थी कि खेल गांव में बने फ्लैटों के आवंटन में अति विशिष्ट लोगों को किसी तरह की छूट दी जाएगी। इसके जवाब में डीडीए ने एक दिसम्बर को कहा, "डीडीए कार्यालय के पास इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं आया है।"
डीडीए ने अपने जवाब में लिखा है कि अक्षरधाम के निकट खेल गांव में कुल 1,168 फ्लैट हैं जिनमें 31 दो बेडरूम वाले, 775 तीन बेडरूम वाले, 209 चार बेडरूम वाले तथा 163 पांच बेडरूम वाले फ्लैट हैं। इनमें से 711 फ्लैटों की बिक्री डीडीए करेगा जबकि 790 फ्लैट निजी कंपनी एम्मार-एमजीएफ द्वारा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मीडिया में ऐसी खबरें आ रहीं थीं कि डीडीए खेल गांव में बने फ्लैटों को विशिष्ट लोगों को आवंटित कराने की योजना बना रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications