जयपुर में दीपावली मनाने का मजा ही कुछ और..
जयपुर। यदि आप मजेदार तरीके से दीपावली मनाना चाहते हैं तो जयपुर आपके लिए सबसे बेहतर जगह हो सकती है। गुलाबी शहर में इस पर्व को मनाने का कुछ अलग ही अंदाज है। यही वजह है कि इस पर्व के मौके पर बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी जयपुर चले आते हैं।
दीपावली के मौके पर पांच दिनों तक पूरे शहर में रोशनी और सजावट को देखकर लगता है जैसे कोई रंग-बिरंगा आसमान धरती पर उतर आया हो। जयपुर में शानदार रोशनी और सजावट के लिए प्रमुख बाजारों, होटलों, मॉल, मुहल्ले और निजी मकानों के बीच बकायदा तीर मारने जैसा मुकाबला होता है। यही कारण है कि मुकाबला जीतने की चाहत में लोग पूरा जोश दिखाते हैं और शहर का प्रत्येक हिस्सा अपने अनूठे तरीके से मुस्कराता हुआ नजर आता है।
चार से पांच दिन तक चलने वाले दीपोत्सव के बाद इस मुकाबले के नतीजे जारी किए जाते हैं। अव्वल सजावट करने वाले को जिलाधिकारी इनाम देते हैं।
जयपुर में पांच दिवसीय यह महापर्व धनतेरस के साथ ही शुरू हो गया। हर तरफ त्योहारी रंगत दिखाई दे रही है। दीपोत्सव के मौके पर होटलों में भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पर्यटकों के लिए कई लुभावने पैकेज पेश किए जा रहे हैं। कई होटलों ने तो विदेशी पर्यटकों को दीपावली का आनंद दिलाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पर्यटकों को जयपुर दर्शन कराया जाएगा।
आमेर महल के अधीक्षक जफरउल्लाह खां ने बताया कि पर्यटकों के रुझान को देखते हुए इस बार पुरातत्व विभाग ने शहर के तमाम पर्यटक स्थलों को अवकाश के बावजूद खुला रखा है। पर्यटकों को इस बार रात में दीपावली की रौनक तो देखने को मिलेगी ही, पर्यटन स्थलों पर भ्रमण का मौका भी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आमेर महल सहित जंतर मंतर, नाहरगढ़ किला, अल्बर्ट हॉल व हवा महल खुले रहेंगे। सुविधा को देखते हुए पर्यटन स्थलों की प्रवेश के लिए संयुक्त टिकट भी लागू रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications