पाकिस्तान: धमाके में छह सुरक्षाकर्मियों की मौत

पेशावर में फ़्रंटियर कोर के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि यह घटना शुक्रवार की सबह अपर औरकज़ई एजेंसी के पहाड़ी इलाक़े यख़ोकंडाऊ में उस समय हुई जब अर्धसैनिकबलों की गाड़ी सड़क के किनारे लगे एक बम का निशाना बनी.
उन्होंने कहा कि यह धमाका रिमोट कंट्रोल से किया गया जिस में एक कर्नल और पांच अन्य सुरक्षाकर्मी मारे गए. अर्धसैनिकबल औरकज़ई एजेंसी से कोहाट जा रहे थे और धमाके में उन की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब धमाका हुआ तो उस समय सुरक्षाबलों की चार गाड़ियाँ गुज़र रही थी लेकिन यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि कितनी गाड़ियों को नुक़सान पहुँचा. कोहाट में एक वरिष्ठ ज़िला अधिकारी के मुताबिक़ मरने वाले सुरक्षाकर्मी पाकिस्तानी सेना के जवान थे.
औरकज़ई एजेंसी में पिछली कई महीनों से सुरक्षाबलों का तालिबान विद्रोहियों के ख़िलाफ अभियान जारी है. कुछ महीने पहले सेना के दावा किया था कि औरकज़ई एजेंसी को चरमपंथियों के सुरक्षित बना लिया गया है लेकिन कुछ इलाक़ों में कार्रवाई जारी रहेगी.
हज़ारों बेघर
औरकज़ई एजेंसी में सैन्य कार्रवाई की वजह से हज़ारों लोग विस्थापित हुए हैं जिन्हों ने हंगू, कोहाट और पेशावर में शरण ले रखी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षाबलों की कार्रवाई से इलाक़े को चरमपंथियों के सुरक्षित बना लिया गया है और अधिकतर चरमपंथी इलाक़ा छोड़ चुके हैं.
लेकिन यह ताज़ा घटना इस बात को दर्शाती है कि चरमपंथी इस इलाक़े में अब भी मौजूद हैं.












Click it and Unblock the Notifications