फैसले को भारतीय नजरिए से देखें लोग : महंत दास
अयोध्या, 29 सितंबर (आईएएनएस)। अयोध्या में रामलला (अस्थायी मंदिर) के मुख्य पुजारी महंत सत्येन्द्र दास ने कहा कि रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद के मालिकाना हक का फैसला हिंदू-मुसलमान के नजरिए से नहीं, बल्कि एक भारतीय के नजरिए से देखा जाना चाहिए।
सत्यधाम स्थित अपने आवास में महंत सत्येंद्र दास ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि लोगों को अयोध्या विवाद के बहुप्रतीक्षित फैसले को एक भारतीय की तरह स्वीकार करना चाहिए न कि किसी एक खास समुदाय के सदस्य की तरह।
महंत ने कहा कि अयोध्या विवाद को राष्ट्रीय समस्या के तौर पर देखा जाना चाहिए। राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मुद्दे को केवल हिंदू-मुसलमानों से नहीं जोड़ा जा सकता है। यह राष्ट्रीय समस्या बन चुका है। दास ने देशवासियों से न्यायालय के फैसले पर शांति बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी एकता और आपसी भाईचारा दिखाने का अवसर आ गया है। वैसे भी यहां की संस्कृति मिलजुलकर रहने की रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications