कश्मीर में गोलीबारी, किशोर सहित 2 की मौत (लीड-2)
इसके साथ ही कश्मीर में 11 जून से जारी ताजा हिंसा के दौर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 67 हो गई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यहां बताया, "जब सुरक्षा बलों ने आज (सोमवार) पलहालन गांव में पथराव कर रही प्रदर्शनकारियों की भीड़ पर गोलीबारी की तो उसमें 16 वर्षीय शौकत अहमद की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।"
घटना में गोली लगने से घायल हुए दो लोगों को विशेष चिकित्सा के लिए श्रीनगर के एक अस्पताल ले जाया गया। उसमें से एक मोहम्मद रमजान मीर (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
श्रीनगर से 35 किलोमीटर की दूरी पर श्रीनगर-मुजफ्फराबाद सड़क के किनारे स्थित पलहालन गांव में हुई इस घटना के बाद लोगों ने राजमार्ग पर यातायात जाम कर दिया।
किशोर की मौत को लेकर पट्टन और आस-पास के अन्य इलाकों में भी तनाव की स्थिति बन गई।
इससे पहले पिछले सोमवार को अनंतनाग की शेरबाग पुलिस चौकी पर जब सुरक्षा बलों ने पथराव कर रही भीड़ पर रबड़ की गोलियां चलाई थीं तो 11 वर्षीय इरशाद अहमद पारे की मौत हो गई थी।
इस बीच कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी की अपील के बाद सोमवार दोपहर श्रीनगर व घाटी के अन्य हिस्सों में बाजार व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले और वाहनों की आवाजाही हुई। गिलानी ने शब-ए-कदर (मुस्लिम विश्वास के मुताबिक पवित्र रात) को देखते हुए अपने प्रदर्शन कार्यक्रम में बदलाव किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications