रिलायंस पॉवर-आरएनआरएल के विलय को शेयरधारकों की मंजूरी
मुंबई, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। रिलायंस पॉवर और रिलायंस नेचुरल रिसोर्सेज के शेयरधारकों ने 11 अरब डॉलर के एक सौदे के तहत अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) की दोनों कंपनियों के विलय को अपनी मंजूरी दे दी।
इस विलय के लिए रूपांतरण दर, रिलायंस पॉवर के प्रति शेयर के लिए रिलायंस नेचुरल का चार शेयर है। आदान-प्रदान का यह अनुपात वैश्विक परामर्शदात्री कंपनी, केपीएमजी द्वारा किए गए मूल्यांकन पर आधारित है।
एडीएजी ने एक बयान में सोमवार को कहा कि इस सौदे से दोनों कंपनियों के शेयरधारकों को काफी लाभ होगा, क्योंकि इससे रिलायंस पॉवर की उस योजना में गति आएगी, जिसके तहत 8,000 मेगावाट से अधिक क्षमता वाले गैस आधारित विद्युत संयंत्रों को स्थापित किए जाने की योजना है।
इस सौदे से मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली, रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ गैस आपूर्ति समझौते में भी तेजी आएगी।
शेयरधारकों को रिलायंस नेचुरल की चार कोयला खदानों से लाभ होगा तथा मिजोरम में स्थित तेल एवं गैस के एक कुएं में 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी प्राप्त होगी।
विलय के बाद वाली कंपनी, रिलायंस नेचुरल की कोयला आपूर्ति और शिपिंग कारोबार के माध्यम से ईंधन आपूर्ति की लागत पर भी विचार करेगी।
बयान के अनुसार रिलायंस नेचुरल रिसोर्सेज के 80 प्रतिशत शेयरधारकों की रिलायंस पॉवर में भी हिस्सेदारी होगी।
बयान में कहा गया है, "सौदा पूरा होने के बाद रिलायंस पॉवर में 60 लाख से अधिक शेयरधारक होंगे। इस तरह दुनिया में शेयरधारकों का यह सबसे बड़ा परिवार होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications