बिहार विधानसभा चुनाव : 6 चरणों में होगा मतदान (लीड-1)
नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बिहार में विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी। आयोग ने राज्य में छह चरणों में मतदान कराने का निर्णय लिया है। चुनाव 21 अक्टूबर से शुरू होकर 20 नवंबर को संपन्न होंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त एस. वाई.कुरैशी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बिहार में विधानसभा का कार्यकाल 27 नवंबर को समाप्त हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि मतदान छह चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण का मतदान 21 अक्टूबर को होगा, जिसमें 47 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण का मतदान 24 अक्टूबर को 45 सीटों के लिए होगा। तीसरे चरण का मतदान 28 अक्टूबर को 58 सीटों के लिए, चौथे चरण का मतदान 1 नवंबर को 42 सीटों के लिए, पांचवें चरण का मतदान 9 नवंबर को 35 सीटों के लिए तथा छठे चरण का मतदान 26 सीटों के लिए होगा।
कुरैशी ने बताया कि राज्य में बांका सीट के लिए उपचुनाव भी साथ ही कराया जाएगा। सभी चरणों का मतदान पूरा हो जाने पर 24 नवंबर को मतगणना होगी।
उन्होंने कहा कि सभी सीटों पर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान कराया जाएगा। राज्य में 5.50 करोड़ मतदाता चुनाव में भाग लेंगे। कुल 56,943 बूथ बनाए जाएंगे। दागी अधिकारियों को चुनाव की ड्यूटी से बाहर रखा जाएगा।
कुरैशी ने कहा कि चुनाव की तिथियों की घोषणा के साथ ही बिहार में आदर्श चुनाव संहिता लागू हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications