विकीलीक्स के संस्थापक की गिरफ़्तारी का वॉरंट जारी

स्वीडन में अफ़ग़ानिस्तान युद्ध पर ख़ुफ़िया सैन्य दस्तावेज़ प्रकाशित करने वाली वेबसाइट विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी का वॉरंट जारी किया गया है.
स्वीडन में अभियोग पक्ष के अधिकारियों ने कथित बलात्कार और छोड़छाड़ के दो अलग आरोपों के तहत गिरफ़्तारी का वॉरंट जारी किया है.
स्वीडन के अभियोग पक्ष के प्रमुख के दफ़्तर में मीडिया अध्यक्ष कैरिन रोज़ांडर के अनुसार वॉरंट शुक्रवार देर रात को जारी किया गया है. उन्होंने आरोपों के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया है लेकिन ये कहा है कि ये 'जुर्म' स्वीडन में हुए.
विकीलीक्स ख़ुफ़िया सैन्य सूचनाओं के हज़ारों दस्तावेज़ प्रकाशित कर चुका है और पिछले हफ़्ते स्वीडन गए असांजे ने कहा था कि उनकी 15 हज़ार और दस्तावेज़ प्रकाशित करने की मंशा है.
हालाँकि अमरीकी राष्ट्रपति का कार्यालय व्हाइट हाउस विकीलीक्स से अपील कर चुका है कि वह बाक़ी दस्तावेज़ प्रकाशित न करे और पेंटागन इस बारे में उसे चेतावनी भी जारी कर चुका है.
विकीलीक्स ने इन आरोपों को 'निराधार' बताया है.
ये संदेश ट्विटर पर आया है और इसमें असांजे का सीधा हवाला दिया गया है. इसमें ये भी कहा गया है कि 'इस वक़्त पर ऐसे आरोप लगाए जाना बहुत ही चिंता का विषय है.'
विकीलीक्स ने अपनी ट्विटर फ़ीड में कहा है - "यहाँ किसी से भी स्वीडन की पुलिस ने संपर्क नहीं किया है...हमें चेतावनी दी गई थी कि कुछ शरारत हो सकती है."
इससे पहले 90 हज़ार दस्तावेज़ों के सार्वजनिक होने पर अमरीकी अधिकारियों के आरोप लगाए थे जिन्होंने ऐसा किया है उनके 'हाथ ख़ून से रंगे हुए' हैं.
जूलियन असांजे ने बीबीसी से बातचीत में कहा था कि अमरीका की इस चिंता के कोई सबूत नहीं हैं कि ख़ुफ़िया सैन्य सूचनाएँ प्रकाशित करने की वजह से सूचना देने वाले किसी व्यक्ति को मारा गया है.
उन्होंने कहा था कि अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन युद्ध में हज़ारों लोगों के मारे जाने के मामले से लोगों का ध्यान बँटाने की कोशिश कर रहा है.
अफ़ग़ानिस्तान युद्ध पर ख़ुफ़िया सैन्य दस्तावेज़ प्रकाशित होने से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.












Click it and Unblock the Notifications