कश्मीर में झड़पें, 2 प्रदर्शनकारी घायल
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हिंसा रोकने के मकसद से गांदेरबल, बांदीपोरा और अवंतीपोरा को छोड़कर पूरी घाटी में शनिवार को कर्फ्यू लगाया गया। स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।"
श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य बड़े कस्बों में पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है। गांदेरबल, बांदीपोरा और अवंतीपोरा में सुरक्षा की दृष्टि से सख्ती की गई ताकि किसी भी तरह हिंसा को रोका जा सके।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में श्रीनगर-मुजफ्फराबाद राजमार्ग से सटे सिंघपोरा गांव में गुस्साई भीड़ ने पुलिस और सीआरपीएफ के वाहनों पर पथराव किया। यहां सुरक्षा बलों की ओर से की गई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए।
दोनों घायलों में से एक को श्रीनगर के 'शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज सूरा' में भर्ती कराया गया है। एक चिकित्सक ने बताया कि घायल व्यक्ति की हालत स्थिर है।
श्रीनगर के बाहरी इलाके वानाबल में भीड़ ने सीमा सड़क संगठन के एक वाहन में तोड़फोड़ की। बदगाम जिले में श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के कर्मचारियों को ले जा रही एक बस को भी प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया।
हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैय्यद अली शाह गिलानी ने शनिवार को बंद का आह्वान कर रखा है। शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ झड़प में चार लोग मारे गए थे और 47 अन्य घायल हो गए थे।













Click it and Unblock the Notifications