पुलिस वाहन ने राहगीरों को रौंदा, 7 की मौत (राउंडअप)
भोपाल, 14 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस वाहन ने राहगीरों को रौंद डाला। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिस कारण पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से दो-दो लाख और घायलों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
पुलिस के अनुसार शनिवार को भोपाल जेल के कैदियों को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया था। यह वाहन जब लौट रहा था तभी रायल मार्केट के करीब अनियंत्रित हो गया और उसने राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। अनियंत्रित वाहन ने ऑटो रिक्शा, एक मिनी बस को टक्कर मारी, फिर मोटरसाइकिल सवारों को चपेट में ले लिया।
आधिकारिक तौर पर बताया गया कि इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में राकेश वत्सकार, कमलेश सोनी, भूमिका, अब्दुल खान, सुचिता जौहरी, दीपक मिश्रा और अभिषेक अग्रवाल शामिल हैं। अन्य 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोपाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदर्श कटियार ने बताया कि रायल मार्केट की सड़क पर ढलान है, इसी कारण वाहन अनियंत्रित हो गया।
इस हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करने के साथ आंसूगैस के गोले छोड़ने पड़े।
गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के छात्रों के अनुसार मरने वालों में उनके दो साथी हैं, जबकि तीन घायल हुए हैं। उनका आरोप है कि वाहन चालक नशे में था, इसी वजह से इतने लोग मौत का शिकार बने।
एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से दो-दो लाख और घायलों को 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सरकार की ओर से घायलों के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था भी की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications