गिलानी ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से मदद बढ़ाने की अपील की
देश के 64वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र के नाम दिए संबोधन में शनिवार को गिलानी ने कहा कि सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती बाढ़ से प्रभावित लगभग दो करोड़ लोगों का पुनर्वास है।
गिलानी ने कहा कि बाढ़ की वजह से खबर-पख्तूनख्वा में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। यहां हजारों मकान ढह गए हैं। सड़कें और पुलों के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही अरबों की फसल बर्बाद हो गई है।
स्थानीय समाचार पत्र 'जियो न्यूज' के अनुसार गिलानी ने कहा, "मैं विश्व समुदाय से अपील करता हूं कि इस आपदा का सामना करने में मदद को बढ़ाए ताकि पाकिस्तान आतंकवाद के सामने तनकर खड़ा रहे सके।"
उन्होंने कहा, "हम 64वां स्वतंत्रता दिवस उस समय बना रहे हैं जब पाकिस्तान एक साथ कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। सबसे प्रमुख चुनौती बाढ़ पीड़ितों का पुनर्वास करना है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, जद्दोजहद कर रही अर्थव्यवस्था और राजनीतिक स्थिरता सुनिश्चित करना भी बड़ी चुनौतियां हैं।"
गौरतलब है कि पाकिस्तान इन दिनों भयावह बाढ़ का सामना कर रहा है। बाढ़ से 1,600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 1.4 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अनुमान है कि बाढ़ से पाकिस्तान को 2.92 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications