अर्जुन सिंह का दावा सच नहीं: शिवराज
चौहान ने कहा कि यह बात सच से परे है कि अर्जुन सिंह को इस बात की जानकारी नहीं थी कि एंडरसन को सरकारी विमान से दिल्ली भेजा गया था। चौहान ने कहा कि बिना मुख्यमंत्री की इजाजत के कोई सरकारी विमान उड़ान नहीं भर सकता।
चौहान ने कहा कि उन्होंने स्वयं वह लॉग बुक देखी है जिसमें सात दिसंबर 1984 को 3 बजकर 15 मिनट पर लिखा गया है कि एंडरसन को दिल्ली लेकर गए विमान ने मुख्यमंत्री के आदेश पर उड़ान भरी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मामले से जुड़े तथ्यों को छुपाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह ने अरसे बाद इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है और इस समय का उपयोग क्या उन्होंने इस बात का निर्णय लेने में किया है कि किसे बचाना है और किसे फंसाना है?
मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्जुन सिंह का यह दावा भी संदेहास्पद है कि एंडरसन को रिहा करने के लिए उन पर केंद्रीय गृहमंत्रालय का दबाव था। वह उस समय न सिर्फ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री थे बल्कि कांग्रेस के कद्दावर नेता भी थे। ऐसे में वह इस तरह के दबाव के बारे में गृहमंत्री और प्रधानमंत्री से सीधी बात कर सकते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्जुन सिंह का यह कहना आश्चर्यजनक है कि जब हरदा में एक चुनावी दौरे पर आए राजीव गांधी को अर्जुन सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी तो उन्होंने कहा कि, 'चलिए अगली सभा में चलते हैं।'
चौहान ने कहा कि राजीव गांधी इतने संवेदन शून्य नहीं हो सकते कि जिस त्रासदी में 15,000 लोग मारे गए और हजारों पीड़ित हुए उनकी बात सुनकर कहें कि चलो अगली सभा में चलते हैं।
चौहान ने कहा कि अर्जुन सिंह जब सच सामने लाएंगे तभी पीड़ितों को न्याय मिल पाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications