जून में औद्योगिक उत्पादन की दर घटकर 7.1 प्रतिशत हुई
नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। देश में जून महीने में औद्योगिक उत्पादन की दर घटकर 7.1 प्रतिशत हो गई। मई महीने में यह दर 11.5 प्रतिशत घोषित की गई थी। उत्पादन में यह कमी निर्माण गतिविधियों में कमी के चलते हुई है।
मई महीने के लिए औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) की समीक्षा में उत्पादन की वृद्धि दर 8.3 प्रतिशत अनुमानित की गई है।
आईआईपी आंकड़ों के मुताबिक कुल 17 उद्योगों में से 13 में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। सूचकांक में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी वाले निर्माण उद्योग की वृद्धि दर घटकर 7.3 प्रतिशत हो गई है। इससे पहले के महीने में निर्माण उद्योग की वृद्धि दर 8 प्रतिशत रही है।
आईआईपी में निर्माण उद्योग की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत है।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों में टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं की वृद्धि दर 27.4 प्रतिशत रही है जबकि पिछले साल के जून माह में इसकी वृद्धि दर 16.2 प्रतिशत थी।
खनन क्षेत्र की वृद्धि दर इस माह 9.5 प्रतिशत रही है जो कि पिछले साल के इसी माह में 14.2 प्रतिशत रही थी।
अप्रैल-जून तिमाही में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 11.6 प्रतिशत रही है। पिछले साल की इसी तिमाही में यह दर 3.9 प्रतिशत थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications