हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान
शिमला, 7 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों में भारी बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश की कई नदियां पहले ही उफान पर हैं और सरकार ने कुल्लू, मण्डी, किन्नौर, बिलासपुर और शिमला जिलों में चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस से कहा, "इस बात की संभावना है कि सोमवार तक प्रदेश में कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।"
उन्होंने कहा कि पर्यटन के लिए मशहूर ज्यादातर शहरों शिमला, नरकंदा, कुफरी, कालपा, कसौली, मण्डी, चंबा, धर्मशाला, पालमपुर और मनाली में अगले दो दिनों में मूसलाधार बारिश के आसार हैं।
सतलुज और व्यास नदियों के अलावा इनकी सहायक नदियों में जलस्तर असामान्य रूप से बढ़ने के कारण सरकार ने तटीय इलाकों में चेतावनी जारी की है।
सरकार के प्रवक्ता ने कहा, "सतलुज और व्यास नदियों के किनारों पर रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।"
राष्ट्रीय राजमार्ग 21 (चण्डीगढ़-मण्डी) पर पानी पुहंचने के कारण इस पर यातायात बंद कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications