संप्रग सरकार की नीतियां सबसे अमीरों के लिए : माकपा
विजयवाड़ा में पार्टी की केंद्रीय समिति की हो रही बैठक के उद्घाटन भाषण में करात ने कहा, "कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियां बड़े व्यापारियों को सर्वाधिक मुनाफा कमाने और संसाधनों को अमीरों तथा ताकतवर लोगों के हाथों में पहुंचाने में मदद के लिए तैयार की जा रही हैं।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार की राजकोषीय और कर नीतियों से यह बहुत स्पष्ट प्रदर्शित होता है।
उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ऊंची विकास दर हासिल करने के बारे में दावा करती है। जीडीपी वृद्धि दर को लोगों की प्रगति और विकास के एक भरोसेमंद सूचकांक के तौर पर लिया जाता है लेकिन यह सच नहीं है।
माकपा नेता ने कहा कि नव उदारवादी नीतियों से पूंजी का संचय, पूंजी में अत्यधिक वृद्धि और संपत्ति का कुछ हाथों में केंद्रण बढ़ता है। देश में डॉलर अरबपतियों की संख्या वर्ष 2004 के नौ से बढ़कर इस वर्ष 49 हो गई है। निश्चित तौर पर सर्वाधिक धनी लोगों की प्रगति हुई है।
करात ने कहा कि खाद्य पदार्थो और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती महंगाई का भार आम लोगों पर पड़ा है। लाखों लोग रोज भूखे रहते हैं। आय और संपत्ति में असमानता बढ़ रही है। देश में दुनिया के सर्वाधिक गरीब लोगों की संख्या के साथ ही दुनिया के कुछ सर्वाधिक धनी लोगों का होना संदेहजनक विरोधाभास है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय समिति की चार दिवसीय बैठक में देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी और एक राजनीतिक रणनीति तय की जाएगी जिससे पार्टी को मौजूदा स्थिति और विभिन्न चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।