दोनों सदनों में हंगामा, 12 बजे तक स्थगित

मॉनसून सत्र के तीसरे दिन काम रोको प्रस्ताव नामंज़ूर होने के बाद चौथे दिन फिर से हंगामा हुआ है.
शुरुआत से पहले समाजवादी पार्टी, तेलुगु देशम पार्टी और वामदल ने मिलकर संसद के बाहर प्रदर्शन किया.
सदन की कार्यवाही शुरु होने पर अध्यक्ष मीरा कुमार ने कहा कि उन्हें विपक्ष के कई सांसदों ने आर्टिकल 184 के तहत नोटिस दिया है जिनमें विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज भी शामिल हैं.
सुषमा स्वराज ने काम रोको प्रस्ताव को नामंज़ूर करने के फ़ैसले पर कहा, "मैं आपके फ़ैसले पर टिप्पणी नहीं कर सकती लेकिन हमें आपके फ़ैसले से दुख हुआ है."
सुषमा स्वराज ने मांग की कि प्रश्नकाल स्थगित करके उनके इस नोटिस को मंज़ूर कर लिया जाए जिससे समय बर्बाद किए बिना महंगाई के मुद्दे पर चर्चा हो सके.
लेकिन स्पीकर ने नियम के अनुसार चलने की बात कहते हुए प्रश्नकाल को स्थगित करके इस विषय पर चर्चा करने से इंकार कर दिया.
विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने भी प्रश्नकाल शुरु होने से इंकार करते हुए कहा कि वो प्रश्नकाल से पहले ही महंगाई पर चर्चा करेंगी.
संसद में हंगामा शुरु होने पर स्पीकर ने सदन दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.
राज्यसभा में हंगामे के कारण सभापति ने भी सदन को 12 बजे तक स्थगित कर दिया.
ग़ौरतलब है कि पिछले तीन दिन से महंगाई पर चर्चा होने की मांग पर लगातार हंगामा हो रहा है और सदन में प्रश्नकाल शुरु नहीं हो पा रहा है.












Click it and Unblock the Notifications