लोकसभा ने सायना नेहवाल को बधाई दी
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सायना की इस सफलता को ऐतिहासिक और देश के लिए गौरव का विषय करार दिया। सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने मेज थपथपा कर सायना की इस सफलता पर हर्ष जाहिर किया।
मीरा कुमार ने कहा, "एक महिला खिलाड़ी की यह सफलता देश के लिए गर्व का विषय है। सायना हमारे देश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। हम भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।
उल्लेखनीय है कि सायना ने इस वर्ष न सिर्फ जकार्ता में इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब अपने पास बरकरार रखा बल्कि पिछले जून महीने में लगातार तीसरी खिताबी जीत हासिल की थी।
सायना ने भारत में आयोजित इंडियन ओपन ग्रां पी और सिंगापुर में जून में आयोजित सिंगापुर सुपर सीरीज खिताब भी जीता था। उन्होंने 2009 में इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीता था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय हैं।
इस खिताबी जीत ने सायना को विश्व वरीयता क्रम में दूसरे स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया था। सायना ने साबित कर दिया है कि अनुशासित और नियमित अभ्यास के दम पर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
खिताबी जीत ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों और 2012 में लंदन में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिहाज से सायना को भारत की सबसे बड़ी उम्मीद के तौर पर पेश किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications