महंगाई पर संसद में हंगामा, कार्यवाही स्थगित (लीड-2)

लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई। पहले 12 बजे और फिर दो बजे तक स्थगित की गई थी। हंगामा न थमता देख लोकसभा के उपाध्यक्ष करिया मुंडा ने तीसरी बार सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी।

लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह आरंभ होने पर सबसे पहले पूर्व सदस्य जोरा सिंह मान के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। मान का बीते 27 जून को नई दिल्ली में निधन हो गया था। उन्होंने 14वीं लोकसभा में पंजाब के फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

मान को श्रद्धांजलि देने के बाद विपक्षी दलों के सदस्य एकजुट होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा कि विपक्ष की ओर से दिए गए कार्यस्थगन प्रस्ताव पर तत्काल चर्चा कराई जाए। उन्होंने कहा कि महंगाई पर लोगों के 'दर्द' को समझते हुए विपक्ष इस मुद्दे पर तत्काल बहस चाहता है।

सुषमा ने कहा, "मिट्टी के तेल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि की वजह से आज गृहणियां और समाज के अन्य परेशान हैं। हमने महंगाई के विरोध में कार्यस्थगन प्रस्ताव दिया है। इस पर तत्काल चर्चा कराई जाए। पूरा विपक्ष लोगों के इसी दर्द को लेकर बहस चाहता है।"

लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने बार-बार सदस्यों से शांत होने की अपील की। परंतु हंगामा नहीं थमा। इसके बाद उन्होंने कार्यवाही दिन में 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर विपक्षी सदस्य महंगाई पर बहस की मांग पर अड़े रहे। हंगामा जारी रहने पर लोकसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही दिन में दूसरी बार दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपनेता गोपीनाथ मुंडे ने संसद भवन परिसर में आईएएनएस से कहा, "हम (विपक्ष) एकजुट हैं। हम कार्यस्थगन प्रस्ताव और इस मुद्दे पर मतदान चाहते हैं। महंगाई का मुद्दा आम लोगों की जिंदगी से जुड़ा है। सरकार इससे कैसे पल्ला झाड़ सकती है? हम किसी और विषय पर चर्चा नहीं करेंगे।"

उधर, राज्यसभा में भी कमोबेश यही स्थिति रही। सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा की तरह राज्यसभा में भी महंगाई के मुद्दे पर पूरा विपक्ष एकजुट दिखा। समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सदस्यों ने भी जमकर हंगामा किया। सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे तक स्थगित हुई। दोबारा जब कार्यवाही आरंभ हुई तब भी हंगामा थमा नहीं। इसके चलते सभापति ने सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी।

संसद में हंगामे और विपक्ष के कार्यस्थगन प्रस्ताव पर केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने संवाददाताओं से कहा, "यह सदन को बाधित करने वाला प्रस्ताव है न कि चर्चा के लिए लाया गया प्रस्ताव।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+