नायडू के आंदोलन के खिलाफ महाराष्ट्र के कस्बे में बंद
नांदेड़ (महाराष्ट्र), 17 जुलाई (आईएएनएस)। बाबली बांध के निर्माण के विरोध में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष एन.चंद्रबाबू नायडू के आंदोलन के खिलाफ महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के धर्माबाद कस्बे में शनिवार को बंद रखा गया। आंध्र प्रदेश को आशंका है कि इस बांध से उसकी जल आपूर्ति प्रभावित होगी।
शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए नायडू और उनके सहयोगियों को शनिवार को रिहा किए जाने और महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा तक छोड़े जाने की उम्मीद है।
नायडू और उनके 75 समर्थकों को गोदावरी नदी पर बन रहे बाबली बांध का विरोध करने के लिए निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने और महाराष्ट्र की सीमा में घुसने के कारण गिरफ्तार किया गया। उनका कहना है कि महाराष्ट्र अपने हिस्से से अधिक पानी ले रहा है।
अधिकारी धर्माबाद की स्थिति को शांतिपूर्ण और नियंत्रण में बता रहे हैं और किसी भी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
पांच वर्ष पहले बाबली गांव में गोदावरी नदी पर छोटे बांध का निर्माण शुरू होने के बाद से यह दोनों राज्यों के बीच विवाद का कारण बन गया है।
आंध्र प्रदेश का मानना है कि बाबली बांध से तेलंगाना क्षेत्र के पोचमपद बांध को पानी की आपूर्ति में गिरावट आ सकती है और इससे किसानों की समस्या बढ़ने के साथ ही पानी की गंभीर कमी पैदा होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications