महिला का विमान में प्रसव, बच्चे को फेंका, गिरफ्तार
अमृतसर, 8 जुलाई (आईएएनएस)। तुर्कमेनिस्तान से लौट रही मेडिकल छात्रा ने विमान में एक बच्चे को जन्म दिया और नवजात शिशु को शौचालय में फेंक दिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हवाई अड्डा पुलिस के अनुसार महिला पंजाब की होशियारपुर की रहने वाली है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि महिला ने नवजात शिशु को विमान के शौचालय में फेंक दिया और राजासांसी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरते ही बाहर निकल आई। विमान के कर्मचारियों ने नवजात शिशु को बरामद कर उसे अस्पताल पहुंचाया।
महिला तुर्कमेनिस्तान के एक मेडिकल कालेज की छात्रा है। वह राजधानी आश्गाबत में विमान में चढ़ी थी।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार विमान में वह काफी परेशान लग रही थी और बार-बार शौचालय में जाती रही। सहयात्रियों एवं विमान के कर्मियों ने उसके स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की थी, लेकिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया।
अधिकारी ने कहा कि शुरू में महिला ने बच्चे को जन्म देने की बात से इंकार किया लेकिन कड़ाई से पूछताछ में उसने बच्चे को जन्म देने की बात स्वीकार कर ली।
महिला और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दोनों का स्वास्थ्य सामान्य है।
इंडो-एशियन न्यू सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications