कश्मीर में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू जारी
श्रीनगर, 8 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर और घाटी के प्रमुख शहरों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू गुरुवार को भी जारी रहा।
दो दिन पहले यहां हुई हिंसक झड़पों में चार लोगों के मारे जाने के बाद सेना की सहायता से यहां बेमियादी कर्फ्यू लगाया गया था।
श्रीनगर में कानून एवं व्यवस्था बहाल करने के लिए सेना की 17 टुकड़ियों ने बुधवार को फ्लैग मार्च किया। श्रीनगर में मंगलवार को भीड़ और सुरक्षाबलों के बीच हुई झड़पों में चार लोगों की मौत हो गई थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "बुधवार को लागू किए गए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी जाएगी। पुलिस ने लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है और उनसे सिर्फ आपात स्थिति में अपने इलाके में तैनात पुलिस बल से संपर्क करने के बाद ही बाहर निकलने को कहा गया है।"
अधिकारी ने बताया, "असामाजिक तत्वों से नागरिकों के जान-माल की हिफाजत करने के लिए कर्फ्यू लगाया गया है और जरूरत न रहने पर एक मिनट भी लागू नहीं रहेगा।"
उत्तरी कश्मीर के सोपोर, बारामूला, कुपवाड़ा, हंडवारा तथा दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग, कोइमोह, पुलवामा और काकपोरा में गुरुवार को भी कर्फ्यू जारी है।
कश्मीर विश्वविद्यालय की सभी परीक्षाएं अपने तय समय पर ही होंगी जबकि जम्मू एवं कश्मीर लोक सेवा आयोग की व्यवसायिक परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है।
राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घाटी के वर्तमान हालात से बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और गृहमंत्री पी. चिदंबरम को अवगत कराया।
गृह सचिव जी.के.पिल्लै और सैन्य अभियान के महानिदेशक लेफ्टीनेंट जनरल ए.एम.वर्मा, श्रीनगर स्थित सेना की 15वीं कोर के कमांडर लेफ्टीनेंट जी.एस.मारवाह और राज्य के पुलिस महानिदेश कुलदीप खोड़ा ने स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री के साथ बैठक की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications