उप्र में बारिश, गर्मी से राहत
लखनऊ, 8 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गुरुवार को बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे लोगों को तपिश और उमस से राहत मिली है।
पिछले तीन दिनों से राज्य के पश्चिमी, मध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में जोरदार बारिश हो रही है। बुलंदशहर, अकबरपुर, फैजाबाद, फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, जालौन सहित कई जिलों में बुधवार को अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश फतेहपुर और जालौन में दर्ज की गई।
पूर्वाचल में अभी तक बारिश न होने से लोग गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग अगले 48 घंटों के दौरान मानसून पहुंचने के आसार व्यक्त किए हैं।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया, "अगले एक दो दिनों में मानसून पूर्वाचल में रफ्तार पकड़ लेगा और अच्छी बारिश होगी। पश्चिमी बुंदेलखंड और मध्य उत्तर प्रदेश में गुरुवार को तेज बारिश की संभावना है।"
बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा आगरा में 38.1 डिग्री, बरेली में 34.2 डिग्री, झ्झांसी में 36.5 डिग्री, इलाहाबाद में 38 डिग्री और राजधानी लखनऊ में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications