नक्सली बंद : झारखण्ड में रेलवे स्टेशन की इमारत और पटरी उड़ाई
रांची, 8 जुलाई (आईएएनएस)। झारखण्ड में नक्सलियों द्वारा आयोजित दो दिवसीय बंद के आखिरी दिन गुरुवार को एक रेलवे स्टेशन की इमारत और पटरी को विस्फोट से उड़ा दिया गया।
नक्सलियों ने अपने एक नेता चेरुकुरी राजकुमार उर्फ आजाद के मारे जाने के विरोध में यह बंद रखा है।
धनबाद रेलवे स्टेशन के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अमरेंद्र दास ने बताया, "दो अलग-अलग घटनाओं में नक्सलियों ने हेगारा रेलवे स्टेशन की इमारत और निचितपुर के निकट पटरी को विस्फोट से उड़ा दिया।"
दास ने बताया कि नक्सलियों के इस वारदात के बाद से एक दर्जन से अधिक रेलगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर रुकी हुई हैं।
हेगारा रेलवे स्टेशन पर 100 से 120 से अधिक नक्सलियों ने करीब 1.45 बजे धावा बोलकर डायनामाइट से स्टेशन की इमारत उड़ा दी।
नक्सलियों के बंद को देखते हुए रेल अधिकारियों ने सात रेलगाड़ियां रद्द कर दी है।
उधर, एक अन्य घटना के मुताबिक नक्सलियों ने रांची से 190 किलोमीटर दूर धनबाद जिले में निचितपुर हाल्ट के निकट अप और डाउन दोनों पटरियों को विस्फोट से उड़ा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications