इजरायली प्रधानमंत्री के अंगरक्षकों की बंदूकें गायब
वाशिंगटन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। न्यूयार्क हवाईअड्डे से इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के अंगरक्षकों की चार बंदूकें गायब हो गईं। अमेरिकी सुरक्षा अधिकारी घटना के चार दिन बाद भी इस चोरी का कोई सुराग नहीं लगा सके हैं।
विमानपत्तन प्राधिकरण के एक पुलिस अधिकारी ने समाचार पत्र 'द न्यूयार्क पोस्ट' के गुरुवार के अंक में बताया है कि नौ मिलीमीटर लंबी अर्ध-स्वचालित ग्लॉक 17 पिस्तौलों की खोज अब पहली प्राथमिकता है।
अधिकारी ने बताया कि एफबीआई और खुफिया सेवा भी इस जांच में शामिल हो गई हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि अमेरिकी एयरलाइन्स की उड़ान के साथ रविवार को ये पिस्तौल वाशिंगटन पहुंच गई थीं। अब न्यूयार्क जेएफके हवाईअड्डे पर कर्मचारियों के लॉकर्स की तलाशी ली जा रही है। आशंका जताई गई है कि हो सकता है कि हवाईअड्डे पर किसी कर्मचारी ने पिस्तौलें चुराकर अपने लॉकर में रख ली हों।
पुलिस अमेरिकी एयरलाइन के कर्मचारियों से पूछताछ भी कर रही है।
रविवार को इजरायल से एल अल उड़ान के जेएफके हवाईअड्डे पर पहुंचने और प्रधानमंत्री के सुरक्षा अमले के वहां उतरने के बाद से ही ये बंदूकें गायब हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications