कर्नाटक उच्च न्यायालय में महिला वकील की हत्या (लीड-1)
क्यूबॉन पार्क पुलिस स्टेशन के उप निरीक्षक जगदीश ने आईएएनएस को बताया कि 28 वर्षीय वकील राजप्पा ने कनिष्ठ वकील 25 वर्षीय नवीना पर चाकू से कई बार हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में उसने अपना गला दबाकर और जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। उसने पेट में भी चाकू घोंपने का प्रयास किया।
घटना के बाद अदालत की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। घटना दिन के लगभग दो बजे भोजनावकाश के समय हुई।
बेंगलुरू का हृदय माने जाने वाली लाल ईंटों से बनी इस इमारत में ऐसी वारदात पहली बार हुई है।
जगदीश के मुताबिक राजप्पा एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है।
वकील का काला गाउन पहने खून से लथपथ नवीना को तुरंत विक्टोरिया सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हत्या की यह वारदात 1868 में बनी इस दो मंजिली इमारत के प्रथम तल पर अदालत की हॉल संख्या चार के बाहर हुई। इस घटना से न्यायाधीश, वकील और वादकारी शोकाकुल हैं।
मुख्य न्यायाधीश पी.डी. दिनाकरन जो अपने ऊपर भूमि घोटले का आरोप लगने के बाद कई महीनों से अदालत नहीं जा रहे थे, वह भी इस घटना की जानकारी मिलते ही अदालत पहुंचे।
राज्य के गृह मंत्री वी.एस. आचार्य एवं विधि मंत्री एस. सुरेश कुमार भी पुलिस से घटना का ब्योरा लेने के लिए अदालत पहुंचे। कुमार ने हत्या को 'स्तब्ध' करने वाली घटना बताया।
विधि मंत्री ने संवाददाताओं को बताया, "पहली नजर में लगता है इस घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति सनकी है। वह गलती से वैधानिक पेशे में आ गया है।"
उन्होंने कहा, "आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पता लगाएगी कि उसने नवीना की हत्या क्यों की।"
एक वरिष्ठ वकील सुब्रमण्य जोइस ने एक स्थानीय टीवी चैनल को बताया कि उन्होंने दोनों को बातचीत करते देखा था और कुछ ही क्षणों बाद नवीना की चीख गूंज उठी।
जोइस ने कहा, "दोनों की बातचीत में कोई कड़वाहट नजर नहीं आई और उनकी आवाज तेज भी नहीं थी। मैं देखने के लिए दौरा कि क्या हुआ तो नवीना को खून से लथपथ पाया। मैंने उस व्यक्ति को पकड़ना चाहा तो उसने भागने की कोशिश की। जब उसे भागने का कोई रास्ता नहीं मिला, तब उसने खुद पर वार किया और बाथरूम में घुस गया। उसके बाद मैंने दरवाजा बंद कर दिया।"
जोइस के मुताबिक उन्होंने खून से लथपथ युवती को पानी दिया, लेकिन वह निगल नहीं पाई। घाव काफी गहरे थे और काफी खून बह चुका था। यह सब दो या तीन मिनट के भीतर घटित हुआ।
उधर, राजप्पा को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गहन चिकित्सा चल रही है।
जगदीश ने बताया, "प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक जब राजप्पा को पता चला कि नवीना एक साल के प्रेम संबंध के बाद भी किसी और पुरुष से मिलती-जुलती है तो उसने गुस्से में आकर उस पर चाकू से हमला कर दिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications