बिहार में शिक्षकों की हड़ताल, छात्रों का हंगामा
राज्य के वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्रों ने आरा और सासाराम में जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि उनका गुरुवार से बी़ ए़ पार्ट-1 की परीक्षा थी परंतु बिना पूर्व सूचना के इस परीक्षा को बिना कारण बताए रद्द कर दिया गया। इससे छात्र भड़क गए। छात्रों ने जमकर पत्थरबाजी भी की तथा सड़क जाम कर दिया।
सासाराम में भी विभिन्न कॉलेज के छात्रों ने सड़क जाम किया और प्रदर्शन किया और सड़क पर आगजनी की। सासाराम के पुलिस उपाधीक्षक विश्वजीत ब्यास ने बताया कि छात्रों को समझा बुझाकर सड़क पर से हटाया गया।
इधर, पटना में भी छात्रों की पढाई बाधित होने के कारण ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) के तत्वावधान में सड़क जाम किया गया और प्रदर्शन किया गया। आइसा के प्रदेश अध्यक्ष अभ्युदय ने कहा कि सरकार की दोहरी नीति के कारण आज सभी विश्वविद्यालय में कार्य ठप्प है जिससे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि राज्य के उच्च शिक्षा के सभी शिक्षक यूजीसी वेतन की मांग समेत 21 सूत्री मांग को लेकर गुरुवार से हड़ताल पर चले गए हैं। ज्ञात हो कि राज्य के सभी नौ विश्वविद्यालय के करीब 33,000 शिक्षकेतर कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर एक जुलाई से बेमियादी हड़ताल पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications