दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश (लीड-1)
बुधवार की मूसलाधार बारिश के बाद गुरुवार सुबह तीखी धूप खिली थी, लेकिन दोपहर बाद पूर्वी दिल्ली सहित कुछ इलाकों में बारिश हुई। दिल्ली में और अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। बुधवार को मूसलाधार बारिश की वजह से यातायात जाम रहा था।
भारतीय रेलवे में काम करने वाली अर्चना कौल ने कहा, "हम मानसून का इंतजार कर रहे थे, लेकिन मैं खुश हूं कि सुबह बारिश नहीं हुई। इसकी वजह से कार्यालय पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।"
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और मानसून की वजह से मूसलाधार बारिश हो रही है।
आईएमडी के निदेशक बी. पी. यादव ने कहा, "मानसून की वजह से बादल छाए हुए हैं और पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश हो रही है।"
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में सोमवार को मानसून ने दस्तक दी, जो अपने तय समय से छह दिन की देरी से पहुंचा है। राजधानी में 116.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 23 फीसदी अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार भूमध्य सागर में आमतौर पर उठे उष्णकटिबंधीय तूफान की वजह से गंगा के मैदानी हिस्सों से अतिरिक्त बादल उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहे हैं।
दिल्ली में बुधवार सुबह तक कुल 21.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। वर्षा की वजह से उमस में कमी आई है और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए औसत से दो डिग्री नीचे है।
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो बुधवार के तापमान से दो डिग्री कम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications