नक्सली बंद (पश्चिम बंगाल) : माकपा नेताओं के मकान फूंके गए
कोलकाता, 8 जुलाई (आईएएनएस)। नक्सलियों ने अपने नेता चेरुकुरी राजकुमार उर्फ आजाद के कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के विरोध में किए गए दो दिवसीय बंद के आह्वान के दूसरे दिन पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले में गुरुवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)के सात सदस्यों और समर्थकों के मकान जला दिए।
पुलिस उपाधीक्षक अनीष सरकार ने कहा कि हथियारों से लैस नक्सलियों के एक समूह ने गुरुवार सुबह सलबोनी में ग्राम पंचायत के पूर्व प्रमुख के मकान पर हमला कर उसको आग लगा दी।
इसके बाद नक्सलियों ने माकपा की एक स्थानीय कमेटी के सदस्य और पार्टी के पांच समर्थकों के मकानों को आग लगा दी।
माकपा के नेताओं और समर्थकों में से हालांकि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है इलाके में बंद की घोषणा के बाद ये सभी लोग अपने मकान छोड़कर चले गए थे।
इस दो दिवसीय बंद के कारण झारग्राम जिले में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। यातायात पूरी तरह ठप्प रहा और दुकाने, बाजार और सरकारी दफ्तर बंद रहे।
झारग्राम के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने आईएएनएस से कहा, "इलाके में शांति व्यवस्था बरकरार है हम सुरक्षा के लिए सभी उपाय कर रहे हैं।"
बांकुरा जिले में सारिंगा और बारिकुल इलाके बंद से प्रभावित हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेश यादव के मुताबिक पुरुलिया में बंद का ज्यादा असर गांवों में हुआ है। वाहन नहीं चले और बाजार एवं दुकाने बंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications