रोसैया की नायडू को एक सप्ताह का मुख्यमंत्री बनने की पेशकश
महाराष्ट्र सरकार द्वारा गोदावरी नदी पर कथित अवैध परियोजनाओं के निर्माण पर विधानसभा में बहस के दौरान यह प्रस्ताव रखा गया।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष ने इन परियोजनाओं को रोकने और राज्य हितों के संरक्षण में विफलता के लिए सरकार की आलोचना की। नायडू ने कहा, "यदि मुख्यमंत्री चाहें तो समस्या का समाधान 10 मिनट में हो सकता है।"
इस पर कांग्रेस के नेता ने कहा, "केवल 10 मिनट क्यों? मैं आपको एक सप्ताह का समय देता हूं। मैं पद छोड़ दूंगा। आप आएं और समस्या को हल करें।"
रोसैया ने इस मुद्दे को हल करने के लिए विपक्ष से सहयोग देने को कहा।
उन्होंने कहा कि तेदेपा अध्यक्ष को अपनी सलाह लिखित रूप में देनी चाहिए, जिससे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखे जाने वाले पत्र में वह उसको शामिल कर सकें।
इससे पहले नायडू ने कहा कि दोनों राज्यों और केंद्र में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद राज्य सरकार महाराष्ट्र की बाबली परियोजना को रोकने में सफल नहीं रही।
तेदेपा ने आरोप लगाया कि इन अवैध परियोजनाओं के कारण जल में राज्य का हिस्सा कम होगा और तेलंगाना क्षेत्र के किसान प्रभावित होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications