भारत, चीन की मांग को विकास का आधार बनाएगा अमेरिका
वाशिंगटन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका ने विश्वास जताया है कि भारत और चीन जैसे तेजी से विकास कर रहे देशों की मांग के मुताबिक उत्पाद तैयार करके वह अपनी अर्थव्यवस्था में तेज आर्थिक विकास की राह आसान कर लेगा।
अमेरिकी वित्त मंत्री टिमोथी गाइथनर ने बुधवार को शेयर बाजार में जारी गिरावट पर मौजूद चिंताओं के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, "यदि आप बाकी विश्व को देखें तो चीन, भारत, ब्राजील और मैक्सिको जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाएं काफी मजबूत हैं।"
उन्होंने कहा, "अमेरिका इन देशों की जरूरतें पूरी करने वाले उत्पादों के निर्माण में काफी बेहतर स्थिति में है। इसके चलते हम विकास की राह पर दोबारा लौट रहे हैं।" गाइथनर ने कहा, "यूरोप के कारण हालांकि कुछ चिंताएं हैं लेकिन वह इन समस्याओं से निपटने में सक्षम है। वह दोबारा विकास की राह पर लौटने के लिए जरूरी कदम उठा रहे रहे हैं।"
व्हाइट हाउस में सरकारी और औद्योगिक क्षेत्र के कर्मचारियों की उपस्थिति में उन्होंने कहा, "ऐसे समय में जब नौकरियां कम हो रही हों तब निर्यात को बढ़ावा देना अनिवार्य हो जाता है।"
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने निर्यात के लिए 18 उद्योगों की सूची जारी करते हुए कहा, "हम अमेरिकी सरकार के सभी संसाधनों का उपयोग करेंगे।"
इस दौरान वारबर्ग पिनकस कंपनी के सह अध्यक्ष चार्ल्स केई, भारत-अमेरिका व्यापार परिषद के पूर्व अध्यक्ष और एशिया सोसाइटी के अंतरिम अध्यक्ष के अलावा डॉउ केमिकल्स के अध्यक्ष एंड्रयू एन. लेविरिस भी उपस्थित थे।
ओबामा ने कहा कि प्रशासन के कुछ प्रमुख अधिकारी इस संबंध में प्रगति की रणनीति तय करने के लिए समय-समय पर मुलाकात करेंगे और सितंबर माह तक एक समीक्षा रिपोर्ट जारी करेंगे।
ओबामा ने कहा, "यह वह देश है जो प्रतिस्पर्धा में कभी पीछे नहीं हटता और अब हम 21वीं सदी में स्वयं को मजबूत बनाने के लिए आधार तैयार करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications