नए टर्मिनल पर खरीदारी के लिए लुभाएगा हस्तशिल्प बाजार
मधुश्री चटर्जी, 8 जुलाई (आईएएनएस)। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के नवनिर्मित टर्मिनल 3 पर अन्य वस्तुओं के साथ-साथ रंग बिरंगे पापड़, हाथों से बनी घरेलू उपयोग की चीजें और कलात्मक आभूषण भी मिलेंगे।
जुलाई के अंत में उड़ानों के लिए पूरी तरह से शुरू होने जा रहे इस टर्मिनल पर करीब 4,000 वर्ग फुल के इलाके में बनाए गए दिल्ली बाजार में हस्तशिल्प की एक से बढ़कर एक उपयोगी चीजें मिलेंगी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा तीन जुलाई को इस टर्मिनल का उद्घाटन किया गया था यह टर्मिनल 3.4 करोड़ यात्रियों की क्षमता वाला है।
दिल्ली बाजार के करीब 1,200 वर्ग फुट इलाके में हस्तशिल्प बाजार के लिए दुकानें आरक्षित की गई हैं।
दिल्ली बाजार में क्राफ्ट हाउस की अध्यक्ष मनीषा गुप्ता ने आईएएनएस से कहा, "इस स्टोर को 10 दुकानों के जरिए एक शापिंग विलेज के तौर पर विकसित किया गया है, यहां आने वाले लोगों को परंपरागत जीवन के उपयोग की सभी वस्तुएं मिल सकेंगी। आम बाजारों में मुश्किल से मिलने वाली भारतीय परंपरागत, धार्मिक और ग्रामीण वस्तुओं को यहां उपलब्ध कराया जाएगा।"
गुप्ता ने कहा, "इस स्टोर का मूल उद्देश्य ग्रामीण शिल्प निर्माताओं और महिला स्व सहायता समूहों की मदद करना है। इस स्टोर में मिलने जा रही सभी चीजें गांवों की महिला सहकारी समितियों से खरीदी जाएंगी।"
इस बाजार में 20 किस्म की चाय, कोर्गी काफी, परंपरागत परिधान और आयुर्वेद से संबंधित चीजें उपलब्ध होंगी।
गुप्ता ने कहा, यहां कि सभी दुकानों को लकड़ी और सिल्क की कलाकारी से बनाया गया है ताकि यहां आने वाले खरीदारों को एक अलग तरह की खरीदारी का अनुभव हो।
गुप्ता ने कहा, "इंडिया गेट, कश्मीरी गेट, अजमेरी गेट, खूनी दरवाजा और अलग-अलग तरह के दरवाजों से पहचान पाने वाली दिल्ली को ध्यान में रखते हुए इस बाजार में सभी दुकानों पर अलग-अलग तरह के डिजायनर दरवाजे लगाए गए हैं।"
उन्होंने कहा, "शक्ति, ताकत, गौरव और स्थिरता के प्रतीक हाथी को यहां कि मुख्य थीम मानते हुए यहां एक दुकान पूरी तरह हाथियों को समर्पित है यहां जेवरात, शो-पीस और घरेलू उपयोग की चीजों को रखा गया है जो चांदी, महंगे पत्थरों और लकड़ियों से बनी हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications