खाद्य महंगाई दर घटकर 12.63 प्रतिशत हुई
नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। देश में खाद्य पदार्थों की महंगाई दर 26 जून को समाप्त हुए सप्ताह में घटकर 12.63 प्रतिशत हो गई। इससे पिछले सप्ताह यह दर 12.92 प्रतिशत थी।
इस सप्ताह में हालांकि ईंधन की कीमतों में 18.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
वाणिज्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक आलू की कीमतों में 40 प्रतिशत और प्याज की कीमतों में आठ प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है। मोटे अनाजों, गेहूं और चावल की कीमतों में भी मामूली वृद्धि के कारण संपूर्ण खाद्य महंगाई दर में नरमी आई है।
प्राथमिक वस्तुओं की कीमतों में इस सप्ताह 16.08 प्रतिशत और गैर खाद्य उत्पादों की कीमतों में 18.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
विभिन्न वस्तुओं की कीमतों में पिछले साल के इसी सप्ताह की तुलना में हुआ उतार-चढ़ाव निम्नानुसार है:-
मोटे अनाज: 5.78 प्रतिशत
चावल: 5.81 प्रतिशत
गेहूं: 5.49 प्रतिशत
दालें: 30.09 प्रतिशत
सब्जियां: (-) 4.24 प्रतिशत
फल: 7.81 प्रतिशत
दूध: 15.91 प्रतिशत
आलू: (-) 42.11 प्रतिशत
प्याज: (-) 8.75 प्रतिशत
देश में मानसून तेज होने से खाद्य पदार्थों की कीमतों में और कमी आने की संभावना है।
योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलुवालिया ने बुधवार को कहा कि दिसंबर तक महंगाई दर सामान्य स्तर पर आ जाएगी।
जानकारों का हालांकि कहना है कि महंगाई में नरमी का यह दौर कुछ ही समय के लिये है क्योंकि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के फैसले के कारण महंगाई में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने महंगाई पर नियंत्रण के लिए 27 जुलाई को होने वाली मौद्रिक समीक्षा में 25 आधार अंकों की वृद्धि कर सकता है इससे पहले दो जुलाई को भी प्रमुख ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications