आजाद की मौत की न्यायिक जांच हो : स्वामी अग्निवेश
कोलकाता, 8 जुलाई (आईएएनएस)। सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश ने नक्सली नेता चेरूकुरी राजकुमार उर्फ आजाद की मौत की न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा है कि इससे प्रस्तावित शांतिवार्ता में बड़ी बाधा उत्पन्न हुई है। उन्होंने उग्रपंथियों से भी आग्रह किया कि वे हिंसा बंद करें।
उन्होंने कहा, "मुझे इससे मतलब नहीं है कि आजाद असली मुठभेड़ में मारा गया या फर्जी में, लेकिन मुझे लगता है कि सरकार को घटना की न्यायिक जांच के आदेश देने चाहिए, ताकि नक्सलियों में पनप रहा अविश्वास दूर हो।"
अग्निवेश, जिन्हें गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने दो महीने पहले नक्सलियों के साथ शांतिवार्ता में मध्यस्थता के लिए बुलाया था, ने कहा कि आजाद वार्ता के लिए कदम बढ़ा ही रहा था, ऐसे में पुलिस ने उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने कहा, "वह शांतिवार्ता के लिए अपने सहयोगियों के साथ तिथि निर्धारित करने जा ही रहा था कि उसे एक पत्रकार हेमंत पांडेय के साथ मार दिया गया।"
अग्निवेश ने कहा, "इससे दो माह से बनाई जा रही शांतिवार्ता की योजना को गहरा धक्का लगा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications