नक्सली बंद : कई राज्यों में हिंसा (लीड-2)
झारखण्ड में नक्सलियों ने एक रेलवे स्टेशन की इमारत और पटरी को विस्फोट से उड़ा दिया गया। धनबाद रेलवे स्टेशन के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अमरेंद्र दास ने बताया, "दो अलग-अलग घटनाओं में नक्सलियों ने हेगारा रेलवे स्टेशन की इमारत और निचितपुर के निकट पटरी को विस्फोट से उड़ा दिया।"
दास ने बताया कि नक्सलियों के इस वारदात के बाद से एक दर्जन से अधिक रेलगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर रुकी हुई हैं। हेगारा रेलवे स्टेशन पर 100 से 120 से अधिक नक्सलियों ने करीब 1.45 बजे धावा बोलकर डायनामाइट से स्टेशन की इमारत उड़ा दी।
इस बंद को देखते हुए राज्य के रेल अधिकारियों ने सात रेलगाड़ियां रद्द कर दी हैं। एक अन्य घटना के मुताबिक नक्सलियों ने रांची से 190 किलोमीटर दूर धनबाद जिले में निचितपुर हाल्ट के निकट अप और डाउन दोनों पटरियों को विस्फोट से उड़ा दिया।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बुधवार देर रात हथियारबंद नक्सलियों ने एक कांग्रेसी नेता के आवास धावा बोल कर उनके एक करीबी संबंधी की हत्या कर दी और लगभग उसी समय एक पुलिस थाने पर भी हमला किया। पुलिस के मुताबिक सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में कम से कम चार नक्सली भी मारे गए हैं।
रायपुर से करीब 450 किलोमीटर दूर नक्सलियों ने स्थानीय कांग्रेस नेता अवधेश सिंह गौतम के आवास और एक पुलिस स्टेशन पर देर रात एक बजे एक ही समय पर धावा बोला। इस हमले में नेता के नजदीकी रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि उनके एक समर्थक को बुरी तरह घायल कर दिया गया।
छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक विश्वास रंजन ने आईएएनएस को बताया, "नक्सलियों को भी इसकी कीमत चुकानी पड़ी। कम से कम तीन नक्सली उस समय मारे गए जब राजनीतिज्ञ के आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। एक अन्य नक्सली थाने पर हुए हमले के दौरान सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में मारा गया।"
उधर, उड़ीसा के क्योंझर जिले में नक्सलियों ने एक पुलिस स्टेशन की इमारत को आग के हवाले कर दिया एक पुलिस अधिकारी को अगवा कर लिया। भुवनेश्वर से करीब 150 किलोमीटर दूर दैतारी कस्बे में स्थित पुलिस स्टेशन पर महिलाओं सहित 30-40 हथियारबंद नक्सलियों ने देर रात धावा बोलकर काफी तोड़फोड़ की और उसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया।
पुलिस महानिरीक्षक(ऑपरेशन) संजीव मारिक ने आईएएनएस को बताया, "पुलिस स्टेशन में केवल एक सहायक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल मौजूद थे। नक्सलियों ने पुलिस अधिकारी को अगवा कर लिया जबकि कांस्टेबल भागने में सफल हो गया।"
नक्सलियों ने पुलिस स्टेशन के सामने स्थित वन विभाग की एक इमारत को भी आग लगा दी। जले के पुलिस अधीक्षक ए.के.सिंह ने कहा कि इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। उड़ीसा के दूर-दराज के इलाकों में सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। मल्कानगिरी और रायगाढ़ा जिलों के कुछ इलाकों में यातायात पर असर पड़ा और रायगाढ़ा में सरकारी बसें नही चलीं।
नक्सलियों ने कंधमाल जिले में भी कई जगह सड़क अवरुद्ध कर दिया जिससे यातायात बाधित रहा। मारिक ने बताया कि पुलिस स्टेशन और वन विभाग के कार्यालय पर हमले के अलावा राज्य के अधिकांश भागों में जनजीवन प्रभावित नहीं हुआ।
प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने अपने शीर्ष नेता चेरुकुरी राजकुमार उर्फ आजाद के मारे जाने के विरोध में बुधवार और गुरुवार को दो दिवसीय बंद का ऐलान किया है। नक्सलियों का आरोप है कि पुलिस ने आजाद को फर्जी मुठभेड़ में मारा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications