यूपी में आक्रोशित भीड़ ने हत्यारे युवक की हत्या की
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में आक्रोशित भीड़ ने एक युवक को पकड़कर पीट-पीट कर मार डाला। यह युवक एक व्यापारी की हत्या कर अपने साथियों के साथ भाग रहा था। लेकिन भीड़ ने इस युवक को पकड़ लिया जबकि उसके साथी मौका-ए-वारदात से फरार होने में सफल हो गए।
पढ़ें - उत्तर प्रदेश की खबरें
पुलिस के अनुसार घटना जिले के जंधेड़ी गांव की है, जहां गांव वालों ने सोमवार की रात एक हमलावर युवक को लाठी-डंडों और सरिया से पीट-पीटकर मार डाला। फिलहाल मारे गए युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया, "व्यापारी चंद्रहास सोमवार रात अपनी दुकान बंद करके घर जा रहे थे तभी तीन युवकों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।"
गोलियों की आवाज सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्हें तीन लोग भागते हुए दिखाई दिए। ग्रामीणों ने हमलावरों का पीछा किया। लोग एक हमलावर को पकड़ने में कामयाब रहे जबकि अन्य दो लोग पास के जंगल में घुसकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही गुस्साए ग्रामीणों ने हमलावर युवक को मार डाला। घटना की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications