उत्तर भारत फिर गर्मी की चपेट में (लीड-1)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक अंडमान निकाबोर द्वीप समूह, केरल, लक्ष्यद्वीप, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही देश के पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश होने के आसार हैं। जम्मू एवं कश्मीर के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कहीं-कहीं बारिश होने तथा तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं। देश के पश्चिमोत्तर हिस्से में कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी आने की उम्मीद है। अगले दो दिनों में इन इलाकों में मौसम में कोई बड़ा फेर बदल होने की संभावना नहीं है।
इधर, दिल्लीवासियों को मंगलवार को भी गर्मी की तपिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "दिल्ली का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है जो औसत तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर है।"
बिहार में मानसून ने दस्तक दे दी है लेकिन अभी इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है। बारिश न होने की वजह से बिहारवासियों को गर्मी की तपिश और उमस से जूझना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार पटना में मंगलवार को सुबह का न्यूनतम तापमान जहां 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं गया का 29़ 7, भागलपुर का 29़ 4 तथा पूर्णिया का 27़ 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने मंगलवार को बताया, "हवा में नमी की मात्रा में कमी तथा पछुआ हवाएं चलने से राज्य में बारिश नहीं हो पा रही है। एक-दो दिनों के अंदर राज्य के कई हिस्सों में आसमान पर बादल छाये रहने से बारिश होने की भी संभावना है।"
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी की तपिश और उमस से लोग बेहाल हो गए हैं। राज्य में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक था।
इसके अलावा इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री, वाराणसी का 42.0 डिग्री, बरेली का 40.0 डिग्री और राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications