प्रश्नकाल में व्यवधान बंद किया जाना चाहिए : मीरा कुमार
श्रीनगर, 22 जून (आईएएनएस)। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने मंगलवार को कहा कि संसद और विधानसभा की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल को अवरुद्ध करने की परंपरा पर लगाम लगाने की आवश्यकता है।
संसद और विधानसभा के पीठासीन अधिकारियों के दो दिवसीय सम्मेलन के समापन के मौके पर यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मीरा कुमार ने कहा कि सम्मेलन में तय हुआ है कि प्रश्नकाल में व्यवधान की समस्या से निपटने के लिए पीठासीन अधिकारियों की एक समिति गठित की जाएगी।
यह पूछे जाने पर कि कश्मीरी भाषा के संविधान की आठवी सूची में शामिल होने के बावजूद संसद की कार्यवाही का कश्मीरी में अनुवाद क्यों नहीं किया जा रहा है, मीरा कुमार ने कहा कि यह स्थिति कश्मीरी भाषा के योग्य अनुवादकों की अनुपलब्धता के कारण है।
कुमार ने भरोसा दिलाया कि योग्य अनुवादक मिल जाने के बाद यह प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू कर दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications