कश्मीर में बंद से जनजीवन प्रभावित, स्थिति शांतिपूर्ण (लीड-1)
रैनवारी, खानयार, नौहट्टा, एम.आर.गंज और साफा कदाल पुलिस थानों के अंतर्गत आने वाले श्रीनगर के पुराने शहरी इलाकों में सुरक्षा बलों ने सख्ती के साथ अघोषित कर्फ्यू लागू कर रखा था।
शहर के ऊपरी इलाकों में मैसुमा क्षेत्र में तनाव की खबरें मिली हैं, जबकि शहर के सिविल लाइन इलाके में निजी वाहनों की आवाजाही न के बराबर रही।
कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी के आह्वान पर श्रीनगर के बाजार, शिक्षण संस्थान, बैंक और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। शहर में और घाटी के अन्य प्रमुख कस्बों में सार्वजनिक परिवहन की अनुपस्थिति के कारण सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति काफी कम रही।
इस बीच सैयद अली शाह गिलानी ने लोगों से कहा है कि वे बुधवार से सामान्य गतिविधियों को बहाल करें।
गिलानी और जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के अध्यक्ष मुहम्मद यासीन मलिक को प्रशासन ने गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को अपनी सरकार के संकल्प को फिर दोहराया कि मुट्ठी भर उपद्रवियों को कश्मीर में सामान्य जनजीवन को बंधक बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ज्ञात हो कि बीते रविवार को पुराने शहर के वानियार इलाके में सुरक्षा बलों और भीड़ के बीच झड़प के दौरान एक 26 वर्षीय युवक जावेद अहमद माल्ला की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही तनाव है।
राज्य सरकार ने युवक की मौत मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications