नक्सलियों का 5 राज्यों में 48 घंटे बंद का आह्वान
कोलकाता, 22 जून (आईएएनएस)। नक्सलियों ने पांच राज्यों-पश्चिम बंगाल, झारखण्ड, उड़ीसा, बिहार और छत्तीसगढ़-में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की विनिवेश नीति के विरोध में 30 जून से 48 घंटे के बंद का मंगलवार को आह्वान किया।
प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पश्चिम बंगाल राज्य इकाई के सचिव खोकोन ने कहा, "हम कोल इंडिया और हिंदुस्तान कापर में 10 प्रतिशत विनिवेश के संप्रग सरकार के निर्णय का विरोध करेंगे।"
खोकोन ने कहा कि बंद का निर्णय पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी द्वारा लिया गया है।
उन्होंने कहा, "नक्सली 23 जून से 29 जून तक विरोध सप्ताह भी मनाएंगे। इस दौरान संप्रग की विनिवेश नीति के खिलाफ अभियान और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।"
पांच राज्यों के अलावा नक्सलियों ने महाराष्ट्र के तीन जिलों में तथा मध्य प्रदेश के दो जिलों में भी बंद का आह्वान किया है।
नक्सलियों ने पहली बार रेलवे, बिजली, एंबुलेंस, पानी, दूध, सब्जी और समाचार पत्रों को बंद के दायरे से बाहर रखने का निर्णय लिया है।
खोकोन ने कहा कि किशनजी ने युनियन कार्बाइड कॉरपोरेशन (यूसीसी) के सीईओ वारेन एंडरसन को भोपाल गैस त्रासदी के बाद सुरक्षित रास्ता देकर देश से बाहर भगाने के लिए भी संप्रग सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications