बिहार और उत्तर प्रदेश पर कांग्रेस की विशेष नजर : सोनिया
गांधी ने पार्टी के मुख पत्र 'कांग्रेस संदेश' के ताजा अंक में पार्टी कार्यकर्ताओं को लिखे अपने पत्र में कहा है, "कांग्रेस पार्टी ने देश में जन संपर्क कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसके तहत उत्तर प्रदेश और बिहार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।"
ज्ञात हो कि इसी वर्ष बिहार विधानसभा का चुनाव होना है और कांग्रेस ने अकेले दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2012 में होने वाले चुनाव में कांग्रेस, सत्ताधारी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है।
गांधी ने कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं का यह कर्तव्य बनता है कि वे संप्रग सरकार की सभी योजनाओं को जमीनी स्तर पर कार्यान्वित कराएं।
गांधी ने कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को खासतौर से देश के ग्रामीण और दूरवर्ती हिस्सों में रह रहे लोगों तक हर हाल में पहुंचना चाहिए ताकि आम आदमी तक कांग्रेस की पहुंच वास्तविक रूप में उसकी जरूरतों का पूरा कर सके।
गांधी ने कहा कि कार्यकर्ता सामाजिक विकास के कार्यक्रमों में सफलता का वाहक बन सकते हैं और किसी भी खामी या भ्रष्टाचार को बेनकाब करने में भूमिका निभा सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications