दिल्ली में महंगी हुई ऑटो व टैक्सी की सवारी (लीड-1)
नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के निवासियों को राजधानी में कहीं आने-जाने के लिए अब बुधवार से 35 प्रतिशत अधिक धनराशि का भुगतान करना होगा। लेकिन दिल्ली सरकार ने कहा है कि किराए में बढ़ोतरी इस शर्त पर की गई है कि आटो रिक्शों की यात्रा को उपभोक्ता अनुरूप बनाना होगा।
सरकार ने कहा है कि शहर के सभी 55,000 आटोरिक्शा में छह महीने के भीतर ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) लगाए जाएंगे। ये सिस्टम एक काल सेंटर से जुड़े रहेंगे। यह कदम आटो चालकों द्वारा अधिक किराया वसूलने पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि आटोरिक्शा चालक यात्रियों से प्रथम दो किलोमीटर के लिए 19 रुपये किराया लेंगे। उसके बाद 6.50 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया होगा।
फिलहाल आटोरिक्शा चालक प्रथम एक किलोमीटर के लिए 10 रुपये किराया लेते हैं और उसके बाद 4.50 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया लेते हैं।
इसी तरह काली-पीली रंग की कैब के लिए भी अब लोगों को पहले किलोमीटर के लिए 20 रुपये और उसके बाद 11 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करना होगा।
अभी तक टैक्सी के लिए पहले किलोमीटर हेतु 15 रुपये तथा उसके बाद 8.50 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करना पड़ता था। लेकिन रेडियो टैक्सी के भाड़े में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
लवली ने कहा, "सरकार ने ऑटो व टैक्सी संघों को जीपीएस सिस्टम लगाने को कहा है। इसके लिए उन्हें सरकार को 1500 रुपये देने होंगे।"
उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिसूचना बुधवार को जारी होगी और उसके बाद ही किराए बढ़ेंगे।
लवली ने कहा, "दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और निजी ब्लू लाइन बसों के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। डीटीसी को होने वाले नुकसान की भरपाई राज्य सरकार करेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications