पाकिस्तान अमेरिकी कानून से बंधा नहीं है : गिलानी
इस्लामाबाद, 22 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने मंगलवार को कहा कि उनका देश ईरान के साथ अपने गैस समझौते के संदर्भ में अमेरिकी कानून से बंधा नहीं है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने गिलानी के हवाले से खबर दी है कि पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का पालन करेगा, अमेरिकी प्रतिबंधों का नहीं।
पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक ने रविवार को उस समझौते के खिलाफ इस्लामाबाद को चेतावनी दी थी, जिसके तहत ईरानी गैस को पाकिस्तान लाया जाना है।
हॉलब्रुक ने कहा था कि अमेरिका एक ऐसे कानून पर काम कर रहा है, जो ईरान-पाकिस्तान गैस समझौते को प्रभावित कर सकता है। हॉलब्रुक ने कहा था, "हम पाकिस्तान को चेतावनी देते हैं कि उसे ईरान के खिलाफ अमेरिकी कानून का इंतजार करना चाहिए।"
गिलानी ने कहा कि यदि संयुक्त राष्ट्र ईरान पर प्रतिबंध लगाता है तो संयुक्त राष्ट्र का सदस्य होने के नाते पाकिस्तान को उस प्रतिबंध का सम्मान करना चाहिए।
ज्ञात हो कि पाकिस्तान और ईरान ने 13 जून को तेहरान में 7.5 अरब डॉलर के एक गैस समझौते पर हस्ताक्षर किया था। इसके तहत 2014 के मध्य से ईरानी गैस की आपूर्ति शुरू होनी है। ईरान प्रतिदिन पाकिस्तान को 2.10 करोड़ घन मीटर गैस का निर्यात करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications