लाइबेरिया में सड़क दुर्घटना में भारतीय जवान की मौत
नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। लाइबेरिया में संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापना मिशन पर कार्यरत भारतीय अर्धसैन्य बल के एक जवान की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना की जानकारी देते हुए उन खबरों से इंकार किया जिसमें कहा गया था कि भारतीय जवान की मौत किसी पाकिस्तानी अधिकारी द्वारा की गई गोलीबारी में हुई है।
यहीं पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने स्वीकार किया है कि एक पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी ने लाइबेरिया में एक अन्य स्थान पर स्थित सीआरपीएफ के एक शिविर पर गोलीबारी की। गोलीबारी के कारण कुछ सामान क्षतिग्रस्त हुए हैं लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है।
सीआरपीएफ के प्रमुख विक्रम श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि कांस्टेबल दिनेश कुमार पांडे लाइबेरिया की राजधानी मोनरोविया में तैनात थे। एक सड़क दुर्घटना में उनका निधन हो गया।
श्रीवास्तव फिलहाल उड़ीसा के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि पांडे को मोनरोविया में एक ट्रक ने धक्का मार दिया था। उनकी मौत गोलीबारी में नहीं हुई है।
श्रीवास्तव ने कहा, "ये दो अलग-अलग घटनाएं हैं। गोलीबारी की भी घटना घटी है, लेकिन उसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।"
सीआरपीएफ के प्रवक्ता अजय चतुर्वेदी ने कहा कि पांडे को एक चौराहे पर तैनात किया गया था। वहां तीव्र गति से आ रहे एक वाहन ने 30 मई को उन्हें टक्कर मार दिया।
चतुर्वेदी ने कहा, "पांडे के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। उन्हें इलाज के लिए घाना ले जाया गया था, जहां पांच जून को उनका निधन हो गया।" उन्होंने कहा कि पांडे का 10 जून को उनके पैतृक शहर उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद पहुंचा दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications