फोर्ब्स की अरबपति पुत्रियों की सूची में 2 भारतीय (लीड-1)
वाशिंगटन, 22 जून (आईएएनएस)। रोशनी नादर और निशा गोदरेज उन दो भारतीयों में से हैं, जिन्हें फोर्ब्स पत्रिका ने उन अरबपति बेटियों की सूची में शामिल किया है, जिन्हें एक आम जिंदगी जीना पसंद है और वे बदलाव लाने के लिए पर्दे के पीछे से काम कर रही हैं।
चर्चित अरबपति बेटियों की अपनी ताजा वार्षिक सूची में इस अमेरिकी पत्रिका ने कहा है कि इन प्रभावपूर्ण महिलाओं पर उनकी प्रसिद्धि या भव्यता के बदले बदलाव लाने की उनकी धुन पर अधिक गौर किया गया है।
फोर्ब्स ने लिखा है, "क्या ये महिलाएं सहज रूप में अच्छा उदाहरण खड़ा करने की कोशिश कर रही हैं या ये अपने अरबों डालर के पारिवारिक व्यापार को भी और ऊंचाई पर ले जाएंगी? कम से कम भारतीय अरबपति शिव नादर की बेटी रोशनी नादर पहले से अपने मार्ग पर सक्रिय हैं।"
रोशनी 28 साल की हैं और उन्होंने केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से पढ़ाई की है। बीते साल अप्रैल में उन्हें पांच अरब डॉलर के एचसीएल समूह का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया था। वह वर्ष 2009 से 'विद्या ज्ञान स्कूल' कार्यक्रम से जुड़ी हैं। इस कार्यक्रम का संचालन शिव नादर फाउंडेशन के तहत किया जाता है।
इसी तरह आदी गोदरेज की बेटी निशा गोदरेज भी 5.2 अरब डॉलर के साम्राज्य की वारिस हैं। 31 साल की निशा ने हॉवर्ड से एमबीए की पढ़ाई की हैं। उन्होंने लगभग एक साल गोदरेज समूह से ही बतौर मैनेजमेंट ट्रेनी अपने कॅरियर की शुरुआत की थी।
फिलहाल निशा गोजदेरज समूह में एक बड़ी भूमिका का निर्वहन कर रही हैं। फोर्ब्स का कहना है कि निशा बालिका शिक्षा को लेकर बहुत तन्मयता से काम कर रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications