दिल्ली में ऑटो व टैक्सी का किराया बढ़ा
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने मंगलवार को ऑटो व टैक्सी के किरायों में भारी भरकम वृद्धि की है। ऑटो से चलने वालों को अब पहले दो किलोमीटर के लिए 19 रुपये और उसके बाद प्रति किलोमीटर 6.50 रुपये अपनी जेब से खर्च करने होंगे।
काली-पीली रंग की कैब के लिए भी अब लोगों को पहले किलोमीटर के लिए 20 रुपये और उसके बाद 11 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करना होगा। अभी तक ऑटो के लिए पहले किलोमीटर पर 10 रुपये और उसके बाद 4.50 रुपये प्रति किलोमीटर लगते थे।
दिल्ली के परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने कहा, "सरकार ने ऑटो व टैक्सी संघों को जीपीएस सिस्टम लगाने को कहा है। इसके लिए उन्हें सरकार को 1500 रुपये देने होंगे। छह महीने के भीतर जीपीएस सिस्टम लगा दिए जाएंगे।"
उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिसूचना बुधवार को जारी होगी और उसके बाद ही किराए बढ़ेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications